मुंबई, 1 सितंबर 2026: वर्ली कोलीवाड़ा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही गंदगी और स्वच्छता संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए अब व्यापक अभियान शुरू किया गया है। विधान परिषद के उपसभापति सचिन भाऊ अहीर की मौजूदगी में समुद्र किनारे से ‘स्वच्छ वर्ली, सुंदर वर्ली’ मुहिम की शुरुआत की गई।
बताया गया कि क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के समक्ष रखी थीं। नागरिकों ने इलाके में जगह-जगह गंदगी और उससे पैदा होने वाली परेशानियों की ओर ध्यान दिलाते हुए स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की थी।
स्थानीय लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए श्रीकांत शिंदे की पहल पर पूरे क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। अभियान की शुरुआत वर्ली के समुद्र किनारे से की गई है। आने वाले दिनों में इसे पूरे परिसर तक विस्तार देने की योजना है।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सचिन भाऊ अहीर ने कहा कि वर्ली महाराष्ट्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यहां रहने वाले नागरिकों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक अपनी जिम्मेदारी निभाएं या नहीं, लेकिन नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का दायित्व है।
एक दिन का अभियान नहीं, पूरे साल चलेगा काम
सचिन अहीर ने कहा कि वर्ली की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए एक अलग व्यवस्था तैयार की जा रही है। यह व्यवस्था क्षेत्र की छोटी-बड़ी समस्याओं पर नजर रखेगी और उनके समाधान के लिए काम करेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता की यह पहल केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। पूरे वर्ष नियमित रूप से अभियान चलाकर क्षेत्र की सफाई के साथ-साथ नागरिकों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी काम किया जाएगा।
SIR को लेकर विपक्ष के आरोपों पर सचिन अहीर का पलटवार
SIR प्रक्रिया के दौरान दो करोड़ से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के विपक्ष के आरोपों पर भी सचिन भाऊ अहीर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विपक्ष के दावे को राजनीतिक आरोप बताते हुए सवाल किया कि जब SIR की प्रक्रिया चल रही थी, तब विपक्ष से जुड़े बूथ लेवल अधिकारी (BLO) क्या कर रहे थे?
अहीर ने कहा कि केवल आरोप लगाने के बजाय विपक्ष को अब उन लोगों के नाम दोबारा मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए काम करना चाहिए, जिनके नाम को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया अभी जारी है और पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने के लिए सभी पक्षों को प्रयास करना चाहिए।
Post a Comment
Blogger Facebook