Ads (728x90)

Mumbai | Hindustan ki Aawaz | Mohammed Mukim Shaikh

मुंबई, 1 सितंबर 2026: दक्षिण मुंबई के गिरगांव इलाके में पानी के टैंकरों की आवाजाही और सड़क किनारे उनके खड़े रहने को लेकर नागरिकों की परेशानी बढ़ती जा रही है। जगन्नाथ शंकरशेठ मार्ग पर टैंकरों के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ पैदल यात्रियों और BEST बसों की आवाजाही को लेकर भी चिंता जताई गई है।

इस मुद्दे को लेकर शिवसेना दक्षिण मुंबई विभाग क्रमांक 12 के विभाग प्रमुख दिलीप नाईक ने मुंबई महानगरपालिका आयुक्त को पत्र सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने BMC के साथ पुलिस और यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई की मांग की है।

बिना अनुमति टैंकर संचालन का आरोप

दिलीप नाईक ने अपने पत्र में दावा किया है कि जगन्नाथ शंकरशेठ मार्ग पर मेट्रो सिनेमा जंक्शन से गिरगांव की दिशा में कई स्थानों पर पानी के टैंकर भरने का काम कथित रूप से बिना उचित अनुमति के दिन-रात जारी है। सड़क पर टैंकरों के खड़े रहने और उनकी लगातार आवाजाही से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की बात पत्र में कही गई है।

BEST बस सेवा शुरू होने में टैंकर बन सकते हैं बाधा

मेट्रो रेल के विभिन्न निर्माण कार्यों के चलते इस मार्ग पर पहले यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया था और दक्षिण मुंबई की ओर जाने वाली BEST बसों के मार्ग में भी परिवर्तन हुआ था। नाईक के अनुसार, अब सड़क के कई काम पूरे हो चुके हैं और BEST बस सेवा को फिर से शुरू करने के लिए आवश्यक प्रमाणपत्र भी मेट्रो प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराया जा चुका है।

स्थानीय नागरिकों की मांग है कि BEST बस सेवा को पुराने मार्ग पर जल्द बहाल किया जाए। हालांकि, सड़क पर बड़े पानी के टैंकरों के खड़े रहने से बसों के सुचारु संचालन में बाधा उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है।

पैदल यात्रियों के लिए भी बढ़ी मुश्किल

टैंकरों के कारण सड़क और पदपथ पर जगह कम होने की शिकायत भी सामने आई है। पत्र में कहा गया है कि कई बार पैदल चलने वाले लोगों को पदपथ का इस्तेमाल करने के बजाय सड़क की ओर से गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी परेशानी के साथ सुरक्षा का मुद्दा भी खड़ा होता है।

BMC, पुलिस और ट्रैफिक विभाग से कार्रवाई की अपील

दिलीप नाईक ने संबंधित विभागों से पानी के टैंकरों की गतिविधियों की जांच कराने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई होती है, लेकिन बड़े पानी टैंकरों के खिलाफ भी इसी तरह प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है।

उन्होंने प्रशासन से जगन्नाथ शंकरशेठ मार्ग को यातायात के लिए सुचारु बनाने, टैंकरों से होने वाली बाधा दूर करने और गिरगांव के नागरिकों के लिए BEST बस सेवा जल्द से जल्द व्यवस्थित रूप से शुरू कराने की मांग की है।

Post a Comment

Blogger