मुंबई, 2 सितंबर 2026: मुंबई में पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथों को सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से BMC का ‘पैदल यात्री पहले’ (Pedestrian First) अभियान तेज कर दिया गया है। अभियान के तहत अंधेरी पश्चिम क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 38 अनधिकृत स्टॉल और अतिक्रमण हटाए गए।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका के के पश्चिम विभाग की ओर से की गई इस कार्रवाई में अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन, विले पार्ले पश्चिम रेलवे स्टेशन, जोगेश्वरी पश्चिम रेलवे स्टेशन, राम गणेश गडकरी मार्ग, वीरा देसाई मार्ग और स्वामी विवेकानंद मार्ग के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में फुटपाथ खाली कराने पर जोर
BMC के अनुसार, अभियान के पहले चरण में मुंबई के करीब 200 फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। के पश्चिम विभाग में पिछले सप्ताह से अभियान के तहत बड़े स्तर पर कार्रवाई जारी है।
विले पार्ले क्षेत्र की 27 सड़कों पर भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित है। खासतौर पर स्वामी विवेकानंद मार्ग और रेलवे स्टेशनों के आसपास अधिक पैदल आवाजाही वाले इलाकों में फुटपाथों को बाधामुक्त करने पर जोर दिया जा रहा है।
महानगरपालिका का कहना है कि फुटपाथ खाली होने से व्यस्त समय के दौरान पैदल यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और सड़क पर होने वाली भीड़ तथा यातायात संबंधी परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी।
कार्रवाई में JCB, डंपर और पुलिस बल तैनात
कार्रवाई सह आयुक्त (परिमंडल-4) डॉ. भाग्यश्री कापसे और सहायक आयुक्त (के पश्चिम विभाग) चक्रपाणी अल्ले के मार्गदर्शन में की गई। अभियान के दौरान एक JCB, एक डंपर, सात से अधिक अधिकारी-कर्मचारी, 15 कामगार और पांच से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहे।
महानगरपालिका के मुताबिक कार्रवाई के बाद अंधेरी पश्चिम, विले पार्ले पश्चिम और जोगेश्वरी रेलवे स्टेशन के आसपास पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ का रास्ता अधिक सुगम हुआ है। स्वामी विवेकानंद मार्ग की ओर जाने वाले नागरिकों को भी अतिक्रमण मुक्त फुटपाथ उपलब्ध कराया गया है।
सैंडहर्स्ट रोड के वाडीबंदर में भी कार्रवाई
‘पैदल यात्री पहले’ अभियान के तहत सैंडहर्स्ट रोड क्षेत्र के वाडीबंदर में भी फुटपाथ पर मौजूद अनधिकृत दुकानों और स्टॉलों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई उप आयुक्त (परिमंडल-1) चंदा जाधव और सहायक आयुक्त जितेंद्र घोराडे के मार्गदर्शन में की गई।
BMC प्रशासन ने मुंबई के व्यापारियों और नागरिकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है, ताकि फुटपाथ मुख्य रूप से पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और बाधामुक्त बनाए जा सकें।
Post a Comment
Blogger Facebook