Mumbai | Hindustan ki Aawaz | Mohammed Mukim Shaikh
मुंबई, 1 सितंबर 2026: गणेशोत्सव के दौरान मुंबई में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने इस वर्ष गणेश मंडपों में मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने की तैयारी की है। ‘श्रीगणेशा आरोग्याचा’ अभियान के तहत श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की स्वास्थ्य जांच के साथ महिलाओं के लिए स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी।
महापौर रितू तावड़े ने मंगलवार को महानगरपालिका मुख्यालय में आयोजित ‘श्रीगणेशोत्सव 2026’ समीक्षा बैठक में इस पहल की जानकारी दी। उन्होंने गणेश मंडलों से मंडप या उसके आसपास स्वास्थ्य शिविर के लिए आवश्यक जगह उपलब्ध कराने की अपील की।
इन शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच के अलावा आंखों की जांच की सुविधा भी उपलब्ध होगी। जरूरतमंद लोगों को चश्मे वितरित करने की व्यवस्था की जाएगी, जबकि महिलाओं की स्तन कैंसर जांच भी नि:शुल्क की जाएगी। अभियान को मुख्यमंत्री सहायता निधि और महापौर चिकित्सा निधि के माध्यम से संचालित करने की योजना है।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर BMC का फोकस
गणेशोत्सव के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए महापौर ने अधिकारियों को पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने और गणेश प्रतिमाओं के आगमन तथा विसर्जन के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
मुंबई की प्रमुख सड़कों पर विशेष अभियान चलाकर गड्ढों और ट्रैफिक सिग्नलों की स्थिति की जांच की जाएगी। वहीं, प्रमुख गणेश मंडलों में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए हिरकणी कक्ष और प्रसाधनगृह 24 घंटे खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं।
महापौर, उपमहापौर, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के साथ प्रमुख विसर्जन स्थलों का निरीक्षण भी किया जाएगा।
1,885 सार्वजनिक गणेश मंडलों के आवेदन
बैठक में गणेशोत्सव समन्वयक एवं उपायुक्त प्रशांत सपकाले ने तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गणेश मंडपों की अनुमति के लिए ऑनलाइन ‘एक खिड़की प्रणाली’ शुरू की गई है। अब तक 1,136 मूर्तिकारों को ऑनलाइन अनुमति दी जा चुकी है।
1 सितंबर तक वर्ष 2026 के गणेशोत्सव के लिए 1,885 सार्वजनिक गणेश मंडलों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों की पुलिस और महानगरपालिका स्तर पर जांच जारी है।
पहले से अनुमति प्राप्त गणेश मंडलों के लिए अगले पांच वर्षों की अनुमति एक साथ प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
मूर्तिकारों को शाडू मिट्टी और पर्यावरण अनुकूल रंग
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए BMC की ओर से अब तक मूर्तिकारों को 858 टन शाडू मिट्टी और 25,400 लीटर पर्यावरण अनुकूल रंग नि:शुल्क उपलब्ध कराए गए हैं।
विसर्जन मार्गों पर 4,279 गड्ढों की मरम्मत
गणेश प्रतिमाओं के आगमन और विसर्जन मार्गों को सुरक्षित बनाने के लिए भी बड़े स्तर पर काम किया गया है। BMC के अनुसार, इन मार्गों पर 4,279 गड्ढों और 171 ड्रेनेज कवरों की मरम्मत की गई है। इसके अलावा 281 स्थानों पर बाधा उत्पन्न करने वाली केबल हटाई गई हैं और 515 स्थानों पर पेड़ों की छंटाई की गई है।
44 समुद्र तट, 23 प्राकृतिक और 281 कृत्रिम विसर्जन स्थल तैयार
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए इस वर्ष 44 समुद्र तट एवं जेट्टी, 23 प्राकृतिक तालाब और 281 कृत्रिम विसर्जन स्थल उपलब्ध कराए जाएंगे।
विसर्जन स्थलों पर स्टील प्लेट, जर्मन तराफा, क्रेन, एंबुलेंस, मोटरबोट, निर्माल्य कलश, डंपर, स्वागत एवं नियंत्रण कक्ष, निरीक्षण मनोरे, लाइफगार्ड, फ्लड लाइट और अस्थायी शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
BMC के अनुसार व्यवस्था के लिए 1,194 स्टील प्लेट, 23 जर्मन तराफा, 34 क्रेन, 85 एंबुलेंस, 10 मोटरबोट, 498 निर्माल्य कलश, 326 निर्माल्य डंपर और 1,132 लाइफगार्ड तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा 6,052 फ्लड लाइट/सर्च लाइट, 489 अस्थायी शौचालय, 261 स्वागत कक्ष, 228 नियंत्रण कक्ष और 75 निरीक्षण मनोरे तैयार किए जाएंगे। व्यवस्थाओं में 3,118 कर्मचारी और 576 अधिकारी भी शामिल रहेंगे।
QR कोड और Google Map से मिलेगी विसर्जन स्थल की जानकारी
नागरिकों को अपने नजदीकी कृत्रिम विसर्जन स्थल की जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए BMC विसर्जन स्थलों का विवरण QR कोड और Google Map के माध्यम से उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है।
6 फीट तक की प्रतिमाओं के लिए कृत्रिम तालाब
महानगरपालिका के अनुसार, उच्च न्यायालय के 20 अगस्त 2026 के निर्देशों के तहत संबंधित जनहित याचिका पर अंतिम निर्णय आने तक 24 जुलाई 2025 के आदेश का पालन किया जाना है। इसके अनुसार 6 फीट तक ऊंची गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में करना अनिवार्य रहेगा।
BMC ने नागरिकों और गणेश मंडलों से गणेशोत्सव को सुरक्षित, स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल और अनुशासित तरीके से मनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है।
Post a Comment
Blogger Facebook