प्रतिदिन निकलने वाले 25 टन कचरे के स्थानीय निपटारे पर जोर; लालबाग गणेशोत्सव में श्रद्धालुओं की सुविधा और माहीम फ्लाईओवर परियोजना की भी समीक्षा
मोहम्मद मुकीम शेख | मुंबई
मुंबई में कचरा प्रबंधन को लेकर महानगरपालिका अब केवल कचरा उठाकर क्षेपणभूमि तक पहुंचाने के बजाय उसके स्थानीय स्तर पर उपयोग और निपटारे की दिशा में कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में दादर के फूल बाजार और सब्जी मंडई से रोजाना निकलने वाले करीब 25 मीट्रिक टन कचरे के लिए अलग-अलग अभिनव परियोजनाएं विकसित करने की तैयारी है।
अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे ने शनिवार, 22 अगस्त को परिमंडल-2 के एफ उत्तर और जी उत्तर विभाग के विभिन्न स्थानों का दौरा कर अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कचरे को स्थानीय स्तर पर संसाधित करने के साथ उससे रोजगार के अवसर पैदा करने की संभावनाओं पर भी ध्यान देने को कहा।
फूलों के कचरे से खाद और अगरबत्ती बनाने पर जोर
दादर के मां साहेब मीनाताई ठाकरे फूल बाजार में रोजाना करीब 10 मीट्रिक टन फूलों का कचरा निकलता है। वर्तमान व्यवस्था में इस कचरे को क्षेपणभूमि तक पहुंचाना पड़ता है। महानगरपालिका अब ऐसी तकनीक और परियोजना पर विचार कर रही है, जिसके जरिए फूलों के कचरे से जैविक खाद, अगरबत्ती और अन्य उपयोगी सामग्री तैयार की जा सके।
प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे ने जी उत्तर विभाग को स्वयंसेवी संस्थाओं और व्यापारी संगठनों के साथ मिलकर स्थानीय स्तर पर परियोजना तैयार करने को कहा है। इससे फूलों के कचरे का अलग संग्रह और वर्गीकरण भी आसान होगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
फूल बाजार के आसपास यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। बाजार के बाहर मालवाहक वाहनों की अनधिकृत पार्किंग रोकने और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े कराने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
सब्जी मंडई के 15 टन कचरे का भी होगा इस्तेमाल
दादर पश्चिम स्टेशन के पास स्थित क्रांतिसिंह नाना पाटील महानगरपालिका सब्जी मंडई में रोजाना करीब 15 मीट्रिक टन सब्जी कचरा निकलता है। महानगरपालिका इस कचरे से भुकटी, गैस और अन्य जैविक उत्पाद तैयार करने की संभावनाओं पर काम करेगी।
अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सब्जी मंडई के कचरे को भी स्थानीय स्तर पर संसाधित करने की व्यवहारिक योजना तैयार की जाए। साथ ही मंडई परिसर की रोजाना सफाई और सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।
लालबाग गणेशोत्सव की तैयारियों की समीक्षा
दौरे के दौरान प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे ने लालबाग सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल में गणेशोत्सव की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए स्वच्छता, दर्शन के लिए कतार व्यवस्था, बैरिकेडिंग और चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गणेशोत्सव के दौरान लालबाग पहुंचने वाले भक्तों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। भीड़ प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर पहले से पर्याप्त तैयारी करने पर विशेष जोर दिया गया।
माहीम-वर्ली-बांद्रा फ्लाईओवर परियोजना का निरीक्षण
महानगरपालिका की ओर से माहीम मछुआरा वसाहत से पश्चिमी एक्सप्रेस हाईवे और वर्ली-बांद्रा सी लिंक को जोड़ने वाली फ्लाईओवर परियोजना का भी निरीक्षण किया गया।
परियोजना से प्रभावित और पुनर्वास की आवश्यकता वाले परिवारों के स्थानांतरण के लिए जिलाधिकारी कार्यालय के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए। परियोजना के रास्ते में आने वाले बाधित निर्माणों को निर्धारित समय में हटाकर काम में तेजी लाने को भी कहा गया।
दौरे के दौरान उपायुक्त (परिमंडल-2) प्रशांत सपकाळे, सहायक आयुक्त (एफ दक्षिण) वृषाली इंगले, सहायक आयुक्त (जी उत्तर) योगेश देसाई, सहायक आयुक्त (बाजार) सुनील माने सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Post a Comment
Blogger Facebook