अजमेर, 2 अगस्त। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने गुलाबबाड़ी रेलवे ओवरब्रिज के वर्षों से अधूरे पड़े निर्माण को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह पुल अब विकास का नहीं, बल्कि सरकार की विफलता, प्रशासनिक सुस्ती और जनता के साथ किए गए विश्वासघात का प्रतीक बन चुका है।
डॉ. जयपाल ने कहा कि लगभग 39 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत यह महत्वपूर्ण ओवरब्रिज पिछले साढ़े चार से पांच वर्षों से अधूरा पड़ा है। मदार, जेपी नगर, श्रीनगर,बडलिया,पालरा,अजमेर शहर तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-8 से जुड़े हजारों नागरिक प्रतिदिन घंटों जाम में फंसने को मजबूर हैं। रेलवे फाटक बार-बार बंद होने से स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों और एम्बुलेंस तक को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार और प्रशासन मूकदर्शक बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के नाम पर सड़क किनारे स्थित अनेक दुकानों को हटाकर दर्जनों व्यापारियों की रोजी-रोटी छीन ली गई। आज प्रभावित परिवार मुआवजे और पुनर्वास के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार को उनकी पीड़ा से कोई सरोकार नहीं है। विकास के नाम पर लोगों का रोजगार छीन लेना और वर्षों तक परियोजना अधूरी छोड़ देना सरकार की जनविरोधी सोच को उजागर करता है।
डॉ. जयपाल ने कहा कि भाजपा सरकार हर चुनाव में अजमेर को विकास का सपना दिखाती है, लेकिन हकीकत यह है कि शहर की अधिकांश महत्वपूर्ण परियोजनाएं अधूरी पड़ी हैं। स्मार्ट सिटी का दर्जा मिलने के बाद भी अजमेर को वह सुविधाएं नहीं मिल सकीं जिनका वादा किया गया था। अब गुलाबबाड़ी ओवरब्रिज की बदहाल स्थिति ने सरकार के विकास मॉडल की पोल खोल दी है।
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कहा कि क्षेत्रीय लोगों, वार्डवासियों और स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। कांग्रेस उनके अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी। यदि सरकार ने शीघ्र निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया, प्रभावित व्यापारियों को उचित मुआवजा और पुनर्वास नहीं दिया तथा जनता को जाम की समस्या से राहत नहीं दिलाई, तो अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी सड़क से लेकर प्रशासनिक कार्यालयों तक व्यापक जनआंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि अजमेर की जनता अब खोखले वादे नहीं, बल्कि समयबद्ध विकास और जवाबदेही चाहती है। कांग्रेस जनहित के हर मुद्दे पर जनता के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
Post a Comment
Blogger Facebook