92 लाख महिलाओं को योजना से बाहर करने और 14 हजार करोड़ रुपये बर्बाद होने का दावा भ्रामक : संजय निरुपम
ई-केवाईसी की समय सीमा बढ़ाकर हर पात्र महिला को मिले योजना का लाभ : संजय निरुपम
लाडली बहन योजना बंद नहीं होगी, शिवसेना अपने वादे पर कायम : संजय निरुपम
मोहम्मद मुकीम शेख | मुंबई
मुंबई | 14 जुलाई 2026 : शिवसेना के प्रवक्ता संजय निरुपम ने कांग्रेस और उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) गुट पर लाडली बहन योजना को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 92 लाख महिलाओं को योजना से बाहर किए जाने तथा 14 हजार करोड़ रुपये बर्बाद होने का विपक्ष का दावा पूरी तरह निराधार, भ्रामक और तथ्यहीन है।
मुंबई स्थित बाला साहेब भवन में आयोजित पत्रकार परिषद को संबोधित करते हुए संजय निरुपम ने कहा कि योजना के पात्र लाभार्थियों की सही पहचान सुनिश्चित करने के लिए ई-केवाईसी की समय-सीमा बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान योजना का गलत तरीके से लाभ लेने वाले 29 हजार पुरुषों की पहचान की गई है। इन सभी से सरकार द्वारा दी गई राशि वापस ली जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस विधानसभा में इस संबंध में आश्वासन दे चुके हैं। ऐसे में सरकार का पैसा बर्बाद होने का विपक्ष का आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है।
संजय निरुपम ने कहा कि ई-केवाईसी और पात्रता सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमों के अनुसार अपात्र लाभार्थियों के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल योजना की पारदर्शिता और वास्तविक पात्र महिलाओं तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि लाडली बहन योजना किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं होगी। शिवसेना के मुख्य नेता एवं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पहले ही यह वचन दे चुके हैं कि राज्य की एक भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगी। सरकार इस योजना को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Post a Comment
Blogger Facebook