मुंबई के उपमहापौर संजय घाडी ने पश्चिम उपनगर क्षेत्र में चल रहे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित परियोजनाओं को युद्धस्तर पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोरेगांव से राम मंदिर मार्ग को जोड़ने वाले मृणालताई गोरे फ्लाईओवर, ओशिवरा प्रसूति गृह तथा ओशिवरा स्मशानभूमि के कार्यों की प्रत्यक्ष समीक्षा की।
उपमहापौर संजय घाडी ने गुरुवार (29 मई 2026) को इन परियोजनाओं का दौरा कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान सहायक आयुक्त पी उत्तर विभाग कुंदन वळवी, सहायक आयुक्त पी दक्षिण विभाग अनिरुद्ध कुलकर्णी, वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल पांपटवार सहित महानगरपालिका के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उपमहापौर ने बताया कि मृणालताई गोरे रेलवे फ्लाईओवर का मुख्य भाग वर्ष 2016 में यातायात के लिए शुरू किया गया था, जबकि वर्तमान में इसके विस्तार का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि परियोजना का लगभग 90 से 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और शेष पूरक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सड़क का रिसर्फेसिंग कार्य, दिशासूचक फलक, प्रकाश व्यवस्था, स्पीड ब्रेकर, सड़क पर सफेद और पीली पट्टियां बनाने तथा पुल की रेलिंग के रंगाई-पुताई का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। साथ ही पुल के दोनों ओर रिहायशी इमारतें होने के कारण ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए नॉइज़ बैरियर भी लगाए गए हैं।
उपमहापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फ्लाईओवर की लोड टेस्टिंग शीघ्र पूर्ण कर मानसून से पहले सभी शेष कार्य समाप्त कर पुल को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोल दिया जाए। उन्होंने यातायात प्रबंधन मजबूत कर स्थानीय नागरिकों को ट्रैफिक जाम से राहत देने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर उन्होंने 152 बेड क्षमता वाले ओशिवरा प्रसूति गृह परियोजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें ऑपरेशन थिएटर, नवजात शिशु अतिदक्षता विभाग (एनआईसीयू), बच्चों के लिए एमआईसीयू, डायलिसिस विभाग, सीटी स्कैन सुविधा तथा डॉक्टरों और नर्सों के लिए आवासीय व्यवस्था जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि परियोजना का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए ताकि नागरिकों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इसके अलावा उपमहापौर संजय घाडी ने ओशिवरा स्मशानभूमि में अधूरे पड़े कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्मशानभूमि में लंबित सभी छोटे-बड़े कार्य अगले 15 दिनों के भीतर युद्धस्तर पर पूर्ण किए जाएं, ताकि नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।
Post a Comment
Blogger Facebook