Ads (728x90)

मुंबई से हिन्दुस्तान की आवाज के लिए मोहम्मद मुकीम शेख की रिपोर्ट

मुंबई,कुर्ला पश्चिम स्थित खान बहादुर भाभा जनरल अस्पताल में एक गर्भवती महिला की मौत के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। मृतक महिला के परिजनों द्वारा अस्पताल में तोड़फोड़ और डॉक्टरों पर हमला किए जाने की घटना सामने आई है। मामले के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय गर्भवती महिला को 12 मई को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद रात करीब 10:30 बजे सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए महिला ने 2.95 किलो वजन के बच्चे को जन्म दिया। लेकिन अगले दिन अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उसे तत्काल ऑक्सीजन सपोर्ट पर EMS विभाग में भर्ती कर इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान रात करीब 9:30 बजे महिला की मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही कुछ परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। घटना में वरिष्ठ निवासी डॉक्टर डॉ. दिशा जैन के सिर में चोट लगी, जबकि अन्य डॉक्टरों और कर्मचारियों को भी नुकसान पहुंचा है। अस्पताल की संपत्ति को भी भारी क्षति पहुंचाई गई।

घटना के बाद मुंबई महानगरपालिका की स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरिष भांदिर्गे अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ तथा अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मरीजों और डॉक्टरों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

फिलहाल स्थानीय पुलिस की मदद से अस्पताल में स्थिति सामान्य कर दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। अस्पताल में मरीजों का इलाज पुलिस सुरक्षा के बीच जारी है।

Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post a Comment

Blogger