Ads (728x90)

मुंबई, घाटकोपर पूर्व स्थित पंतनगर मनपा शाळा क्रमांक 2 की बहुमूल्य सार्वजनिक जमीन निजी संस्था को दिए जाने के मुद्दे पर राजनीतिक और सामाजिक विवाद तेज हो गया है। प्रभाग क्रमांक 131 की नगरसेविका एवं स्थायी समिति सदस्य राखी हरिश्चंद्र जाधव ने इस मामले में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा है कि सार्वजनिक हितों की अनदेखी कर संबंधित जमीन निजी संस्था को सौंप दी गई।

नगरसेविका राखी जाधव के अनुसार, यह जमीन निर्मल एज्युकेशन सोसायटी को दी गई है, जो कथित रूप से शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के विधायक ज. मो. अभ्यंकर की संस्था से संबंधित बताई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासक कार्यकाल के दौरान विशेष नीति तैयार कर इस जमीन के हस्तांतरण का मार्ग प्रशस्त किया गया।

राखी जाधव ने कहा कि संबंधित नीति इस प्रकार बनाई गई जिससे विशेष संस्था को लाभ पहुंचे तथा सार्वजनिक संपत्ति को निजी उपयोग की ओर मोड़ दिया गया। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।

उन्होंने बताया कि मामले को लेकर संबंधित विभागों के साथ लगातार पत्राचार किया गया है। साथ ही स्थायी समिति में अधिकृत हरकत का मुद्दा उठाकर प्रशासन से जवाब भी मांगा गया। इसके अलावा महापौर तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर इस विषय पर विस्तृत चर्चा की गई।

नगरसेविका ने चेतावनी दी कि आने वाले समय में इस मुद्दे को बृहन्मुंबई महानगरपालिका के सभागृह में जोरदार तरीके से उठाया जाएगा तथा इस नीति के विरोध में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

राखी जाधव ने मांग की कि यदि यह जमीन सार्वजनिक है तो उसका उपयोग घाटकोपर पूर्व के नागरिकों के हित में ही किया जाना चाहिए। उन्होंने यहां महानगरपालिका का आधुनिक सुविधा केंद्र, अग्निशमन केंद्र, CBSE स्कूल, जूनियर कॉलेज अथवा अन्य सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने की मांग रखी।

उन्होंने कहा कि “घाटकोपरकरों के हक की जमीन किसी भी निजी लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं होने दी जाएगी।”
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post a Comment

Blogger