मतदाता सूची में संशोधन को लेकर कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों की केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्यमंत्री एवं रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी स्वतंत्र संवैधानिक संस्था पर सवाल उठाना गलत है। चुनाव आयोग को बदनाम करने के माध्यम से संविधान को बदनाम करने का कांग्रेस का प्रयास अक्षम्य अपराध है। हम कांग्रेस के इस रवैये का तीव्र निषेध करते हैं। यह बयान उन्होंने दादर में महायुति की पदयात्रा के प्रारंभ में दिया।
आठवले ने कहा कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूची से 13 करोड़ नाम हटाए हैं। उनके अनुसार, इनमें 2.8 करोड़ मृत मतदाता, 6.2 करोड़ स्थानांतरित मतदाता, 3 करोड़ लापता मतदाता और एक करोड़ ऐसे मतदाता शामिल हैं, जिनके नाम उनके गांव और शहर दोनों जगह दर्ज थे। ऐसे मतदाताओं के दोहरे पंजीकरण में से एक स्थान का नाम हटाया गया है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सुधार कर संशोधित सूची तैयार करना गलत नहीं है। ऐसे में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बदनाम करने के लिए कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोप उचित नहीं हैं।
राहुल गांधी की विकेट लेने का सुनाया शेर
अपने चिरपरिचित अंदाज में आठवले ने वर्ष 2029 के चुनाव को लेकर भी तुकबंदी सुनाई। उन्होंने कहा, "2029 के चुनाव में मोदी के साथ मैं खेलूंगा क्रिकेट और लूंगा राहुल गांधी की विकेट।" उनकी इस शायरी पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रतिक्रिया दी।
उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "उद्धवजी, आप हमारे मित्र थे, क्योंकि हमारे दिल में बाबासाहेब का चित्र था। आप बालासाहेब के पुत्र हैं, लेकिन आपने कांग्रेस का सूत्र पकड़ लिया।"
आठवले ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दल देश में अराजकता फैलाकर लोकतंत्र को खतरे में डालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष की राजनीति की आलोचना करते हुए महायुति के समर्थन में अपनी बात रखी।
Post a Comment
Blogger Facebook