Ads (728x90)

मोहम्मद मुकीम शेख | मुंबई

मुंबई से 6.5 फीट की गणेश प्रतिमा लेकर रवाना होगा दल, 2,000 किमी रेल और 300 किमी दुर्गम पहाड़ी रास्ते का सफर

मुंबई से जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा (LoC) के पास तैनात भारतीय जवानों के बीच इस वर्ष भी गणेशोत्सव मनाया जाएगा। मुंबई से 6.5 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा पुंछ के सीमावर्ती गांव ले जाई जाएगी। आयोजकों के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्र में गणेशोत्सव मनाने का यह लगातार 17वां वर्ष है।

मानवाधिकार कार्यकर्ता ईशरदीदी, प्रोग्रेसिव नेशन NGO, प्राचीन शिव दुर्गा भैरव मंदिर ट्रस्ट, पुंछ तथा उनके सहयोगियों की ओर से यह आयोजन किया जा रहा है। मुंबई में प्रोग्रेसिव नेशन के अध्यक्ष एवं ‘किंग ऑफ LoC’ आयोजन से जुड़े छत्रपति आवटे का भी इस पहल में सहयोग है। 

मुंबई से पुंछ तक 2,300 किमी का सफर

आयोजकों के अनुसार गणेश प्रतिमा 6 सितंबर 2026 को मुंबई के कुर्ला पश्चिम स्थित एलबीएस रोड पर इंडियन नेवी बेस के मुख्य द्वार के पास स्थित श्री पांढरे की चित्रशाला से रवाना होगी। इसके बाद स्वराज एक्सप्रेस से करीब 2,000 किलोमीटर की रेल यात्रा कर जम्मू रेलवे स्टेशन पहुंचाया जाएगा।

जम्मू से प्रतिमा को ट्रक के जरिए करीब 300 किलोमीटर दूर बर्फीले और दुर्गम पहाड़ी रास्तों से होते हुए भारत-पाकिस्तान LoC के पास स्थित पुंछ गांव ले जाया जाएगा। 

जवानों के साथ मनाया जाएगा गणेशोत्सव

आयोजकों का कहना है कि सीमा पर तैनात कई भारतीय जवान अपने परिवार के साथ त्योहार नहीं मना पाते। ऐसे जवान गणेशोत्सव के दौरान इस आयोजन में अपने घर-परिवार की तरह शामिल होते हैं।

आयोजकों के मुताबिक, सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हुए तनावपूर्ण माहौल में रहने वाले जवानों के साथ गणेशोत्सव मनाने से उनका मनोबल बढ़ाने और सीमावर्ती क्षेत्र में एकता व सद्भावना का संदेश देने में मदद मिलती है। 

सुबह-शाम आरती, अनंत चतुर्दशी पर विसर्जन

पुंछ में प्रतिदिन सुबह करीब 5 बजे पूजा-अर्चना और शाम 7 बजे जवानों की मौजूदगी में श्री की आरती होगी। गणेश भक्तों की ओर से प्रतिदिन अलग-अलग प्रकार का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

अनंत चतुर्दशी के दिन शेर-ए-कश्मीर पुल के पास पुंछ नदी में गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। 

‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता

इस वर्ष विद्यार्थियों के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ विषय पर चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश के प्रति प्रेम, सैनिकों के बलिदान के प्रति सम्मान और देशसेवा की भावना को बढ़ावा देना बताया गया है।

प्रतियोगिता के विजेताओं को ट्रॉफी, उपहार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों और निबंधों को LoC क्षेत्र में आयोजित गणेशोत्सव के दौरान प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि सीमा पर तैनात जवानों का मनोबल बढ़ाया जा सके। 

प्रशासन के निर्देशों के अनुसार होगा आयोजन

प्रेस नोट में सीमावर्ती क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि आसपास सुरक्षा संबंधी परिस्थितियां बनी रहती हैं। ऐसे में गणेशोत्सव प्रशासन के निर्देशों के अनुसार मनाया जाएगा, ताकि भाईचारा और सामाजिक शांति बनी रहे। 

आयोजकों के अनुसार इस पहल के लिए किसी व्यक्ति से आर्थिक सहायता नहीं ली गई है। आयोजन का खर्च ईशरदीदी स्वयं वहन करती हैं, जबकि मुंबई से छत्रपति आवटे और प्रोग्रेसिव नेशन संस्था का सहयोग प्राप्त होता है। 
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post a Comment

Blogger