Ads (728x90)

मुंबई | हिन्दुस्तान की आवाज | मोहम्मद मुकीम शेख 

मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वागत के दौरान पुष्पगुच्छ लाने के बजाय महापौर निधि में आर्थिक सहयोग करें, ताकि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे गरीब मरीजों के इलाज में सहायता मिल सके।

महापौर रीतू तावड़े ने कहा कि मुंबई की महापौर के रूप में उन्हें मिलने वाला मानधन वे स्वयं महापौर निधि में दान कर रही हैं। साथ ही उन्होंने अन्य सभी नगरसेवकों, बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी महापौर निधि में आर्थिक योगदान देने का आग्रह किया है, जिससे जरूरतमंद और गरीब मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

महापौर पद का कार्यभार संभालने के बाद बड़ी संख्या में नागरिक उनसे मिलने शॉल और पुष्पगुच्छ लेकर आ रहे हैं। इस संदर्भ में उन्होंने कहा कि यदि वही राशि महापौर निधि में दी जाए, तो उससे गंभीर रोगों से पीड़ित गरीब मरीजों को सीधी मदद मिल सकेगी।

इस उद्देश्य को आसान बनाने के लिए महापौर निधि में दान हेतु क्यूआर कोड की व्यवस्था की जा रही है। यह क्यूआर कोड महापौर कार्यालय के सामने लगाया जाएगा, जिसके माध्यम से नागरिक डिजिटल तरीके से अपनी आर्थिक सहायता सीधे महापौर निधि में जमा कर सकेंगे।

महापौर रीतू तावड़े ने मुंबईकर नागरिकों से इस पहल में सहयोग करने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post a Comment

Blogger