बकायेदार नहीं चुका रहे हैं कर महापौर का 7 दिवसीय स्टे हुआ समाप्त।
शहर विकास हेतु कर का भुगतान करें - महापौर जावेद दलवी।
भिवंडी,हिन्दुस्तान की आवाज,एम हुसेन
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका आयुक्त डॉ.योगेश म्हसे द्वारा मनपा के कर बकायेदारों से वसूली हेतु 14 जुलाई से 15 अगस्त तक लागू की गई शतप्रतिशत ब्याज माफी की महत्वाकांक्षी अभय योजना जलकर मामले की भेंट चढ़ गई है. कर बकायेदार मनमसोस कर बकाया कर का भुगतान कर रहे हैं जिसका परिणाम यह है कि, संपूर्ण बकायेदारी का 1 प्रतिशत पैसा ही मनपा की तिजोरी में आया है. शहर के अधिसंख्यक कर बकायेदार महापौर जावेद दलवी द्वारा विगत महासभा में दिए गये मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस से चर्चा किये जानें वाले आश्वासन की आस जोह रहे हैं. मनपा प्रशासन नें कर बकायेदारों से निर्धारित तिथि तक अभय योजना का लाभ उठाये जानें की अपील की है अन्यथा मनपा नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई किये जानें की चेतावनी दी है.
गौरतलब हो कि, मनपा आयुक्त डॉ.योगेश म्हसे द्वारा शहर के मनपा कर बकायेदारों की सुविधा के लिए 14 जुलाई से 15 अगस्त तक अभय योजना लागू किये जानें की घोषणा की गई है जिसके तहत बकायेदार मनपा कर बगैर ब्याज आसानी से भर कर छुटकारा पा सकते हैं. मनपा कर विभाग के सूत्रों के अनुसार, भिवंडी मनपा का शहर के बकायेदारों पर लगभग 350 करोड़ रूपया का बकाया है. 14 जुलाई से आरंभ अभय योजना को लगभग 24 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक केवल 1% अर्थात साढ़े 3 करोड़ की ही कर वसूली होने से मनपा प्रशासन में मायूसी व्याप्त है. मनपा सूत्रों की मानें तो, कर वसूली आशाजनक न होनें का प्रमुख एकमेव कारण मनपा प्रशासन द्वारा जलकर का गृहकर बिल में जोड़ना बताया जा रहा है. 24 जुलाई को हुई महासभा में उक्त मुद्दे पर भाजपा, कोणार्क, आरपीआई, समाजवादी पार्टी के नगरसेवकों द्वारा गृहकर के साथ जलकर जोड़कर की जा रही वसूली को जनहित के साथ अन्याय करार दिया गया था. विरोधी पक्ष के नगरसेवकों की सख्त नाराजगी के बाद मनपा महापौर जावेद दलवी द्वारा अंतिम निर्णय हेतु सभी नगरसेवकों को साथ लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस से चर्चा किये जानें पर सहमति दिखाते हुए गृहकर बिल को वसूले जानें पर 7 दिन हेतु प्रतिबंध लगाया गया था. मनपा आयुक्त डॉ.म्हसे द्वारा अभय योजना की शुरुवात के बाद मनपा प्रशासन को बेहतर राजस्व वसूली की उम्मीद थी जो निराशाजनक साबित हुई है.
मनपा महापौर जावेद दलवी नें उक्त मुद्दे के संदर्भ में स्पष्ट रूप से से बताया कि, भिवंडी मनपा पर करोड़ों रूपये का कर्ज है. शहर का विकास कार्य आवश्यक निधि न होने से पूर्णतया बंद है. मनपा प्रशासन जलापूर्ति लगभग 90 करोड़ रूपया प्रतिवर्ष पानी बिल खाते में मुंबई पानी प्राधिकरण को चुकाया जाता है लेकिन वसूली 10 प्रतिशत भी नहीं होती है. मनपा महासभा में विरोधी पक्ष के नगरसेवकों द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस से चर्चा किये जानें हेतु समय लिए जानें की बात कही गई थी जो पूरी नहीं की होसकी. 7 दिन के बाद स्थगति आदेश स्वतः समाप्त हो गया है. पूर्व में शासन द्वारा ही गृहकर को जलकर के साथ जोड़कर वसूली किये जानें की मंजूरी मनपा प्रशासन को दी गई है. शहरवासियों को कर का भुगतान कर ब्याज माफी की अभय योजना का लाभ जरूर उठाना चाहिए.
---------------------------------------------------------------------------------------------------------------------- Disclaimer हमे आप के इस न्यूज़ पोर्टल को बेहतर बनाने में सहायता करे और किसी खबर या अंश मे कोई गलती हो या सूचना / तथ्य मे कमी हो अथवा कोई कॉपीराइट आपत्ति हो तो वह ईमेल hindustankiaawaz.in@gmail.com भेज कर सूचित करे । साथ ही साथ पूरी जानकारी तथ्य के साथ दे । जिससे आलेख को सही किया जा सके या हटाया जा सके ।

Post a Comment
Blogger Facebook