Ads (728x90)

-नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए जरूरी है सभी की सहभागिताः हफीजुर्रहमान


मीरजापुर,हिन्दुस्तान की आवाज, संतोष देव गिरी

मीरजापुर। पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी आपरेशन के पर्यवेक्षण में जनपद के नक्सल प्रभावित गाँवों के लोगों को भयमुक्त वातावरण प्रदान करने एवं उन्हें विकास की मुख्य धारा से जोड़ने तथा उनमें क्षेत्र के विकास हेतु सहयोग की भावना जागृत करने के उद्देश्य से कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत नक्सल प्रभावित गाँवों में विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है तथा गरीब पुरूषों एवं महिलाओं को वस्त्र, छाता आदि भी वितरित किया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन हफीजुर्रहमान द्वारा कार्यक्रम का शुभारम्भ किसान इन्टर कालेज राजगढ़ में वालीबाल मैच के आयोजन के साथ किया गया। इसी प्रकार लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम लेदुकी में जन चैपाल लगाकर लोगों की समस्याएँ सुनी गयीं एवं गरीब लोगों को छाता वितरित किया गया। थाना हलिया के ग्राम मतवार में जन चैपाल लगायी गयी तथा लोगों की समस्याएँ सुनीं गयीं। थाना लालगंज के ग्राम सन्तनगर में, थाना हलिया के ग्राम कुशियरा में, थाना अहरौरा के ग्राम दादो में तथा थाना मड़िहान के ग्राम हिनौता-दरबान, सरसों-सेमरी में वालीबाल का मैच कराया गया। थाना अहरौरा के ग्राम जुड़ूई व दादों में, थाना मड़िहान के ग्राम सेमरी, सरसों, दरबान, मलुआ, शेरूआ, अमोई में, थाना जमालपुल के ग्राम भोकरौध, नौडिहा, नन्दपुर, गोरखी, सहिजनी, हरदी सहिजनी व ग्राम सलामतपुर में जन चैपाल लगाकर लोगों की समस्याएँ सुनीं गयीं। थाना मड़िहान के ग्राम पड़रियाकला व रामपुर-38 में वालीबाल मैच का आयोजन कराया गया तथा जन चैपाल लगाकर लोगों की समस्याएँ सुनीं गयीं। पुलिस अधीक्षक अशीष तिवारी ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम के अन्तर्गत समय-समय पर विभिन्न प्रकार का आयोजन चलता रहेगा तथा क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन हेतु आमजन खासकर नवयुवकों को प्रोत्साहन मिलता रहेगा। वर्तमान समय में सरकार नक्सलवाद की समस्या को जड़ से समाप्त करना चाहती है, जिसके लिए लोगों का सहयोग अपेक्षित है। नक्सलवाद का सहयोग बिल्कुल भी न करें। वर्तमान समय में सरकार द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास हेतु विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलायी जा रही हैं। पिछले दिनों नक्सल प्रभावित गाँवों के 150 युवकों को निःशुल्क प्रशिक्षण हेतु चयनित किया गया था, जिनको प्रशिक्षण प्रदान करने वाली कम्पनी द्वारा 03 माह का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जायेगा तथा उनके रोजगार में सहायता भी प्रदान की जायेगी। इसी प्रकार की अन्य योजनायें भी सरकार एवं समाजसेवी संगठनों द्वारा चलायी जा रहीं हैं। बिल्कुल निर्भीक होकर अपना एवं अपने क्षेत्र के विकास में सहयोग करते रहें। किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने अथवा घटना घटित होने अथवा होने की आशंका होने पर तत्काल सम्बन्धित पुलिस अधिकारियों को सूचित करें। लोगों को नक्सल क्षेत्र हेतु पुलिस एवं सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओँ के बारे में भी बताया गया।

---------------------------------------------------------------------------------------------------------------------- Disclaimer हमे आप के इस न्यूज़ पोर्टल को बेहतर बनाने में सहायता करे और किसी खबर या अंश मे कोई गलती हो या सूचना / तथ्य मे कमी हो अथवा कोई कॉपीराइट आपत्ति हो तो वह ईमेल hindustankiaawaz.in@gmail.com भेज कर सूचित करे । साथ ही साथ पूरी जानकारी तथ्य के साथ दे । जिससे आलेख को सही किया जा सके या हटाया जा सके ।

Post a Comment

Blogger