Ads (728x90)


नागपुर, 19 दिसंबर: महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष हरिभाऊ बागडे ने यहां कहा कि देश, राज्य और विधान मंडल का कामकाज भारतीय संविधान की ओर से निर्धारित किए गए ढांचे में चलता है। विधान मंडल में समाज के लिए कई कानून लागू किए जाते हैं और इन कानूनों के कारण सामाजिक परिवर्तन होता है।

विधानसभा अध्यक्ष महाराष्ट्र राष्ट्रमंडल संसदीय बोर्ड द्वारा आयोजित संसदीय अध्ययन कक्षा में ‘विधान मंडल : जनता की इच्छा-आकांक्षा की अभिव्यक्ति का मंच’ विषय पर अपना व्याख्यान दे रहे थे।

विधानसभा अध्यक्ष हरिभाऊ बागडे ने आगे कहा कि विधान मंडल में बनाया गया कानून दिन-प्रतिदिन के व्यबहार से संबंधित है। हर कानून उस काल और परिस्थिति को ध्यान में रखकर बनाया जाता है। समय के साथ होने वाले बदलावों या आवश्यकतानुसार उनमें बदलाव या संशोधन किया जाता है। कानून में ये संशोधन करने का कार्य विधान मंडल में किया जाता है। सामाजिक व्यवस्था को सुगमता से चलाने के लिए कानून बनाये जाते हैं। साथ ही ये लोगों के कल्याण के लिए भी हैं।

श्री बागडे ने इस अवसर पर संविधान समिति की स्थापना कैसे हुई, संविधान समिति का चयन किस प्रकार किया गया और ये लागू कब से हुआ इस सब मुद्दों के इतिहास की विस्तृत जानकारी दी।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपना भविष्य संवारने के लिए कड़ी मेहनत एवं श्रम करना चाहिए क्योंकि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। जो व्यक्ति कड़ी मेहनत करता है वही जीवन में आगे बढ़ता है। समय, अपना शरीर और जीवन में सही नियोजन बनाएं। हम जो कुछ करेंगे, उससे हमारे नाम के साथ ही देश का नाम भी रोशन होगा। इस अवसर पर अध्यक्ष श्री बागड़े ने युवाओं से योजनाबद्ध तरीक़े से काम करने की अपील करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत में विधानमंडल के प्रमुख सचिव डॉ.अनंत कळसे ने वक्ता का परिचय दिया।

Post a Comment

Blogger