Ads (728x90)

नाराज़ ग्राहकों ने दी बिल भुगतान न करने  की चेतावनी |


भिवंडी। एम हुसेन। भिवंडी-कल्याण रोड स्थित नई बस्ती में पेय जल आपूर्ति करने वाली संस्था नागरिक सेवा मंडल पर ग्राहकों ने जलापूर्ति में भेदभाव करने, पानी का अधिक बिल वसूल करने तथा संस्था की कार्य प्रणाली पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है | साथ ही, नल कनेक्शन धारक ग्राहकों ने संस्था को भेजे ज्ञापन में चेतावनी दी है कि जितने दिन पानी आपूर्ति होगी उतने दिन के बिल का भुगतान किया जाएगा |

भीषण गर्मी के मौसम की शुरुआत होते ही शहर में पीने के पानी की किल्लत शुरू हो गई है | जिससे पहाड़ी पर बसे झोपड़पट्टी क्षषेत्रों में नागरिकों को पीने का पानी नही मिल रहा है | गौरतलब हो कि भिवंडी-कल्याण रोड स्थित नई बस्ती में नागरिक सेवा मंडल द्वारा पीने के पानी की आपूर्ति की जाती है | नई बस्ती, नेहरुनगर क्षेत्र में ज़्यादातर आबादी झोपड़पट्टी की है | जिसमें गरीब पावरलूम मजदूर व अन्य मजदूर पेशे के लोग रहते हैं | इस क्षेत्र में नागरिक सेवा मंडल द्वारा नल कनेक्शन देकर ग्राहकों से 200 रूपए प्रति माह बिल वसूल किया जा रहा है | ग्राहकों का आरोप है कि संस्था एक दिन छोड़कर दूसरे दिन पानी की आपूर्ति कुछ घंटे करती है | जिससे महीने में केवल पंद्रह दिन पानी आता है और पानी का बिल पूरे महीने का वसूला जाता है | नागरिक सेवा मंडल व्यवस्थापक को सौंपे गए हस्ताक्षर युक्त गापन में ग्राहकों ने चेतावनी दी है कि पंद्रह दिन पानी मिलने पर सभी ग्राहक 200 रूपए की जगह 100 रूपए बिल भुगतान करेंगे | इसी प्रकार भाजपा नेता दिलीप कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया है कि संस्था का चुनाव नही हुआ है | संस्था अवैध रूप से से मनमानी काम कर रही है | साथ ही वसूल किए गए पानी के बिल में भ्रष्टाचार किया जा रहा है | कई लोगों से पानी का बिल नही लिया जा रहा है | गुप्ता ने असिस्टेंट चैरिटी कमिश्नर, ठाणे व भिवंडी पुलिस उपायुक्त को ज्ञापन देकर संस्था के कार्य प्रणाली तथा पेयजल वितरण में किए जा रहे भेदभाव की जांच की मांग की है |

Post a Comment

Blogger