Ads (728x90)

||बेटे पर हुए हमले से घबराई माँ की हार्ट अटैक से मौत||

भिवंडी। एम हुसेन। भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत खोखा कंपाउंड में जुआ व मटका का अड्डा चलाने वालों के विरुद्ध पुलिस में शिकायत कर कार्रवाई कराना समाजसेवक निसार अहमद शेख नामक युवक को भारी पड़ा | पुलिस कार्रवाई के बाद बंद हुए जुआ व मटका के अड्डा मालिकों ने शिकायतकर्ता निसार के ऊपर जानलेवा हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया | बेहोशी की हालत में निसार शेख को भिवंडी के निजी डॉ. धांगे हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है | बेटे के ऊपर हुए प्राणघातक हमला से घबराई निसार की माँ साफिया शेख (55) की ह्रदय गति रुक जाने से दर्दनाक मौत हो गयी | शहर में जुआ व मटका का अड्डा चलाने वालों की बढ़ती गुंडागर्दी से नागरिकों में पुलिस प्रशासन के प्रति गहरी नाराज़गी व्याप्त है | वहीं शहर में चल रहे अवैध दारु, जुआ, मटका व हुक्का पार्लर के बढ़ते कारोबार से भिवंडी पुलिस के ऊपर ऊँगली उठने लगी है |



प्राप्त जानकारी के अनुसार भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत खोखा कंपाउंड में चल रहे गैरकानूनी मटका व जुआ के अड्डों के खिलाफ नई बस्ती के रहने वाले निसार अहमद शेख नामक युवक ने साहस दिखाते हुए दो माह पूर्व स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत की थी | स्थानीय पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न करने पर निसार ने ठाणे पुलिस आयुक्तालय में मटका व जुआ के अड्डे को बंद कराने के लिए शिकायत की थी | जिस पर अमल करते हुए ठाणे पुलिस आयुक्त के निर्देश पर ठाणे पुलिस क्राइम ब्रांच ने छापा मार कर जुआ व मटका का अड्डा बंद करा दिया था | सूत्र बताते हैं कि पुलिस की छापा मार कार्रवाई के बाद जुआ व मटका अड्डा चलाने वालों को लाखों रूपए का नुकसान हो रहा था | जिससे नाराज़ होकर मन में दुश्मनी पाल कर मटका किंग युसूफ शेख की टोली ने शिकायत कर्ता निसार शेख के ऊपर बुधवार की शाम गौतम कंपाउंड स्थित एक पावरलूम कारखाना में ले जाकर लोहे की रॉड, मार का डंडा तथा पत्थर पर घसीट कर बेदम मार पीट कर प्राणघातक हमला किया | इस पिटाई में निसार के तीन दांत टूट गए और उसके सिर, पीठ तथा पैर पर गंभीर चोटें आई हैं | पिटाई में बुरी तरह घायल होने के कारण निसार बेहोश होकर गिर पड़ा | घटना की जानकारी मिलने के बाद निसार को बेहोशी की हालत में भिवंडी के निजी डॉ. धांगे हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है | बुधवार की शाम बेटे कि की गयी बुरी तरह पिटाई और बेहोशी का सदमा उसकी माँ साफिया शेख बर्दास्त नही कर सकी | जिसकी दूसरे दिन गुरुवार की सुबह हार्ट अटैक आने से दर्दनाक मौत हो गयी | बता दें कि भिवंडी में मटका व जुआ के अड्डों के विरुद्ध प्रदेश के मुख्यमंत्री से शिवसेना संलग्न, हिन्दुस्तान माथाडी ट्रांसपोर्ट और जनरल कामगार सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष बालाजी गुल्वी ने भी लिखित शिकायत की थी | इस काण्ड के बाद अपनी प्रतिक्रिया में बालाजी गुलवी ने कहा कि यदि भिवंडी पुलिस निसार की शिकायत पर पहले ही कार्रवाई की होती तो आज निसार की हालत इतनी बुरी नही होती | मटका किंग के गुंडे उस पर हमला नही करते और उसकी माँ को जान न गवानी पड़ती |

Post a Comment

Blogger