Ads (728x90)


नई दिल्ली : कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, फूलपुर से भाजपा सांसद केशव प्रसाद मौर्या और मोदी सरकार के मंत्री विजय सांपला को क्रमश: कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और पंजाब का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी ने तेलंगाना में संगठन की कमान के. लक्ष्मण को दी है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में पार्टी का जिम्मा तापिर गाओ को सौंपा गया है।
बीएस येदियुरप्पा ने भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिलवाए जाने के कारण वर्ष 2012 में भाजपा छोड़ दी थी, लेकिन वर्ष 2014 में वह उस समय पार्टी में लौट आए, जब प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी के रूप में नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी के प्रचार अभियान की कमान संभाली। भाजपा के केंद्र की सत्ता में आने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा बड़े फेरबदल के तहत नियुक्त किए गए 11 उपाध्यक्षों में भी बीएस येदियुरप्पा को शामिल किया गया था।
उत्तर प्रदेश में फूलपुर सीट से सांसद केशव प्रसाद मौर्या की पहचना पीएम मोदी के पसंदीदा नेता के तौर पर की जाती है। केशव की पहचान भाजपा के मुकाबले विहिप और आरएसएस कार्यकर्ता के रूप में ज्यादा है। उम्मीद की जा रही है कि आरएसएस विधानसभा चुनावों में भाजपा के लिए जमीन तैयार कर रही है। साल 2002 में शहर पश्चिमी विधानसभा सीट से उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के रूप में राजनीतिक सफर शुरू किया। उन्हें बसपा प्रत्याशी राजू पाल ने हराया था। 2012 के चुनाव में उन्हें सिराथू विधानसभा से जीत मिली। यह सीट पहली बार भाजपा के खाते में आई थी। दो साल तक विधायक रहने के बाद केशव ने फूलपुर सीट पर भी पहली बार भाजपा का झंडा फहराया।
केंद्रीय राज्य मंत्री और पंजाब के होशियारपुर से सांसद विजय सांपला को पंजाब भाजपा का नया अध्यक्ष चुना गया है। सांपला दलित समुदाय से आते हैं। भाजपा ने उन्हें पंजाब में 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश का प्रभार सौंपा है। माना जा रहा है कि भाजपा अनुसूचित जाति समुदाय को अपनी ओर खींचना चाहती है। 2011 की जनगणना के मुताबिक, पंजाब में दलितों की सबसे बड़ी 31.9 फीसदी आबादी बसती है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा का कार्यकाल पिछले साल दिसंबर में समाप्त हो गया था।

Post a Comment

Blogger